Breaking News

कादरचौक में बिजली संकट से हाहाकार, रातभर अंधेरे में कट रही लोगों की जिंदगी

Spread the love

कादरचौक में बिजली संकट से हाहाकार, रातभर अंधेरे में कट रही लोगों की जिंदगी

एक महीने से रात की सप्लाई ठप, ग्रामीण बोले- “हर बार आता है फीडर फेल का मैसेज”

संवाददाता : गोविंद देवल

कादरचौक, बदायूं। भीषण गर्मी के बीच कस्बा कादरचौक में अघोषित बिजली कटौती और लगातार ट्रिपिंग से आम जनता और किसान बेहाल हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले एक महीने से रात की बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप पड़ी है, जिससे लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। दिन में किसी तरह बिजली मिल जाती है, लेकिन रात होते ही पूरा कस्बा अंधेरे में डूब जाता है।

ग्राम पंचायत कादरचौक के प्रधान दिनेश कुमार उर्फ धारा भैया ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि समस्या को लेकर एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है, लेकिन हर बार सिर्फ यही संदेश मिलता है कि “उझानी फीडर से सप्लाई फेल हो गई है।” उन्होंने कहा कि आसपास के क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था सामान्य है, लेकिन कादरचौक की हालत सबसे खराब बनी हुई है।

प्रधान ने सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार 24 घंटे बिजली आपूर्ति के दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। रातभर बिजली गायब रहने से लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

स्थानीय निवासी कल्लू कश्यप, आशीष यादव समेत कई ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी, मच्छरों और अंधेरे के कारण बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सबसे ज्यादा परेशान हैं। छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और किसान भी सिंचाई व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग से जल्द फॉल्ट ठीक कर रात की बिजली सप्लाई बहाल करने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन और प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

मंदिर परिसर से भव्य कलश यात्रा निकाली

Spread the loveबिसौली। आदि शक्ति माता काली शिव मंदिर, बंजरिया में आयोजित श्रीराम महायज्ञ के …

error: Content is protected !!