Breaking News

लूटी गई बाइक बरामद, दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल; पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई

Spread the love

बिल्सी रोड पर लूट करने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, सिपाही को गोली मारकर भाग रहे तीन शातिर दबोचे

लूटी गई बाइक बरामद, दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल; पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई

संवाददाता : गोविंद देवल, बदायूं

बदायूं। वजीरगंज थाना क्षेत्र में 9 मई को बिल्सी रोड स्थित ब्यौली मढ़ी के पास हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहे बदमाशों की गोली से एक सिपाही घायल हो गया, जबकि जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी बिसौली के नेतृत्व में गठित टीम शनिवार देर रात क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ब्यौली मढ़ी के पास हुई लूट में शामिल बदमाश लूटी गई बाइक से किसी नई वारदात को अंजाम देने के लिए बिल्सी से वजीरगंज की ओर आ रहे हैं।

सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम मुसेपुर पुल के पास घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने बाइक कच्चे रास्ते की ओर मोड़ दी और भागने लगे। पीछा करने पर उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। पुलिस ने आत्मसमर्पण करने को कहा, लेकिन बदमाशों ने तमंचों से फायरिंग शुरू कर दी।

फायरिंग में कांस्टेबल प्रिंस चौधरी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें फारुख उर्फ बादशाह उर्फ सफी उर्फ सफिया निवासी धनौली, थाना बिल्सी और अमन चतुर्वेदी निवासी टीकमगढ़ (मध्य प्रदेश) घायल हो गए। वहीं सुरजीत उर्फ नन्हू निवासी शाहजहांपुर को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में फारुख ने स्वीकार किया कि उसने अपने अन्य साथियों आदिल मलिक और अरमान के साथ मिलकर 9 मई की रात एक व्यक्ति से तमंचे के बल पर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी एक और वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल, दो तमंचे 315 बोर, एक तमंचा 12 बोर, छह जिंदा कारतूस तथा दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घायल सिपाही और दोनों घायल आरोपियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी फारुख पर हत्या, लूट, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। अमन चतुर्वेदी पर भी हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

टीएमयू में एआई-पावर्ड डिजिटल ट्विन टेक्नोलॉजी पर गहन मंथन

Spread the love तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी के कॉलेज ऑफ कम्प्यूटिंग साइंसेज़ एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी-सीसीएसआईटी में …

error: Content is protected !!