बिल्सी, 14 जून 2026।
फ्यूचर लीडर्स स्कूल, बिल्सी में आज ‘मोलश्री पुरस्कार 2026’ के अंतर्गत कला, शिल्प एवं अभिव्यक्ति आधारित विभिन्न प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में नृत्य, गायन, भाषण, कविता पाठ, चित्रकला एवं पेंटिंग, मेहंदी कला, क्राफ्ट वर्क तथा अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों की श्रेणियाँ शामिल रहीं। प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास और उत्साह के साथ अपनी प्रस्तुतियाँ देकर उपस्थित दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया।
कार्यक्रम के आयोजक राजन मेंदीरत्ता ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे मंच बच्चों और युवाओं की छिपी हुई प्रतिभाओं को निखारने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि “हर प्रतिभा को एक मंच चाहिए और मोलश्री पुरस्कार का उद्देश्य युवाओं को अपनी कला और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का उचित अवसर उपलब्ध कराना है। हमें खुशी है कि इतने बड़े स्तर पर प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।”विद्यालय के डायरेक्टर वी. पी. सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए कला, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियाँ भी उतनी ही आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि “ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल का विकास करते हैं, जो उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव बनते हैं।”विद्यालय के एम.डी. राहुल कुमार सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि फ्यूचर लीडर्स स्कूल सदैव विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा पहचानने और उसे आगे बढ़ाने के अवसर प्रदान करता रहा है। उन्होंने कहा कि “मोलश्री पुरस्कार जैसे आयोजन बच्चों को अपनी क्षमताओं को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर देते हैं तथा उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। विद्यालय भविष्य में भी ऐसे रचनात्मक कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।”कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर उत्साह, कला और सृजनात्मकता के रंगों से सराबोर दिखाई दिया। अंत में सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की गई तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ साथ उनके अभिभावक, राजन मेंदीरत्ता और उसके सदस्य और सी के शर्मा, केशव शर्मा, साक्षी गुप्ता, ट्विंकल जैन, विश्वदीपक शर्मा और सोनिया गुप्ता उपस्थित रहें।
Budaun Amarprabhat