सालारपुर विकास खंड में जनकल्याण शिविर व स्वास्थ्य मेले का भव्य शुभारंभ, विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने किया उद्घाटन
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 21 जून तक प्रदेशव्यापी समेकित जन जागरूकता अभियान
मेले में सजे विभिन्न विभागों के स्टॉल, ग्रामीणों को मौके पर दी गई जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
सदर विधायक ने कहा— 12 वर्षों का कार्यकाल सुशासन, आत्मनिर्भरता और गरीब कल्याण का स्वर्णिम अध्याय
ब्लॉक प्रमुख पति अनेकपाल सिंह और बीडीओ नितिन कुमार समेत तमाम विभागीय अधिकारी रहे मौजूद
बदायूं। केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रदेशव्यापी समेकित जनकल्याण एवं जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 5 जून से 21 जून तक चलने वाले इस महा-अभियान के अंतर्गत रविवार को विकास खंड सालारपुर में त्रि-दिवसीय 14 जून से 16 जून विशाल जन कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने अपने कर-कमलों द्वारा फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया।
विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर उमड़ी भीड़ सालारपुर ब्लॉक परिसर में आयोजित इस भव्य मेले में शासन के निर्देशानुसार ग्रामीण विकास और जन सरोकार से जुड़े लगभग सभी प्रमुख विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए। मेले में स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, मनरेगा, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, फैमिली आईडी, कृषि विभाग, बाल विकास एवं महिला कल्याण, समाज कल्याण तथा खाद्य एवं रसद विभाग के स्टॉल प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहे। स्टॉलों पर तैनात संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों को शासन से संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई और पात्रों के आवेदन पत्र भी जमा किए गए।
इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि आज हम सभी एक अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर के साक्षी बन रहे हैं। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होना केवल किसी कार्यकाल का पड़ाव नहीं है, बल्कि यह देश के विकास, सुशासन, जनकल्याण और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए गए अभूतपूर्व प्रयासों और उपलब्धियों का जीवंत दस्तावेज है। पिछले 12 वर्षों में देश ने आधारभूत संरचना के विकास, डिजिटल क्रांति, किसानों के सशक्तिकरण और महिलाओं के उत्थान में उल्लेखनीय प्रगति की है।
विधायक ने आगे कहा कि जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत अभियान, हर घर जल और आत्मनिर्भर भारत जैसे क्रांतिकारी कार्यक्रमों ने करोड़ों वंचितों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत, सक्षम और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में स्थापित हो चुका है। उन्होंने स्थानीय विकास का जिक्र करते हुए कहा कि बदायूं क्षेत्र में भी सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर कार्य जारी हैं और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचाना ही हमारा अंतिम संकल्प है। उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्र निर्माण के इस महा-अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
अधिकारियों और जनप्रनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति मेले के सफल आयोजन के दौरान सालारपुर के प्रमुख पति अनेकपाल सिंह, खंड विकास अधिकारी नितिन कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन समाज कल्याण विभाग के महाराज सिंह द्वारा किया गया। उद्घाटन सत्र के समापन पर आयोजकों ने मुख्य अतिथि सहित सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।
इनसेट बॉक्स
विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने अपने संबोधन में राष्ट्र निर्माण और सामाजिक समरसता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह अवसर केवल उपलब्धियों को याद करने का नहीं है, बल्कि विकसित भारत के निर्माण के लिए हमारे संकल्पों को और अधिक मजबूत करने का है। सरकार की मंशा हर उस गरीब तक योजनाओं को पहुँचाने की है जो मुख्यधारा से पीछे छूट गया था।
PHOTO MAHESH GUPTA
Budaun Amarprabhat