बदायूँ। राजकीय महाविद्यालय, आवास विकास में रविवार को पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पित एक भव्य ‘वृक्षारोपण महायज्ञ’ का आयोजन किया गया। प्रातः 6:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक अनवरत चले इस महाअभियान में महाविद्यालय परिवार ने कुल 600 पौधों का रोपण कर उन्हें संरक्षित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता, उप प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार, एनएसएस नोडल अधिकारी डॉ. राकेश कुमार जायसवाल एवं पर्यावरण क्लब प्रभारी डॉ. सरिता यादव के नेतृत्व में एक ‘पौध संरक्षण रैली’ के साथ हुआ। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने जन-जन को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया। इसके बाद महाविद्यालय परिसर में फलदार, औषधीय एवं इमारती प्रजातियों के पौधों को रोपित किया गया।
इस महायज्ञ की विशेषता इसकी तकनीकी पारदर्शिता रही। प्रत्येक घंटे पर पौधारोपण स्थल की जियो-टैगिंग कर उसकी रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार के ‘हरीतिमा ऐप’ पर अपलोड की गई, ताकि लगाए गए पौधों की निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके। इस दौरान आंवला, अनार, शीशम, जामुन, सहजन, आम, सागौन, बेल, पीपल और बरगद जैसे महत्वपूर्ण पौधों का रोपण किया गया।
प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने कहा, “यह महायज्ञ विद्यार्थियों और शिक्षक-समुदाय के संयुक्त प्रयास का प्रतीक है। हर पौधा हमारे पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवनदान है।” कार्यक्रम में एनएसएस, एनसीसी, रोवर-रेन्जर और प्लांट पैथोलॉजी के प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भागीदारी की।
महाअभियान को सफल बनाने में डॉ. राजधन, डॉ. सतीश सिंह यादव, डॉ. संजय कुमार, डॉ. संजीव राठौर, डॉ. गौरव कुमार सिंह, डॉ. राशेदा खातून, डॉ. जुनेद आलम, डॉ. सारिका शर्मा, डॉ. दिनेश कुमार, संजीव शाक्य और वीरबहादुर सहित समस्त महाविद्यालय स्टाफ और स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। सभी ने अंत में पौधों के संरक्षण का संकल्प दोहराया।
Budaun Amarprabhat