बदायूं। आषाढ़ अमावस्या गंगा स्नान पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सोमवार को जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने उझानी क्षेत्र के कछला गंगा घाट का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं के लिए की गई सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, पार्किंग स्थल, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग के लिए चिन्हित स्थानों का भी निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम और एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। गंगा घाट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की प्रभावी ड्यूटी लगाई जाए। उन्होंने स्नान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने देने और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने आपातकालीन सहायता, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की भी समीक्षा की और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि आषाढ़ अमावस्या गंगा स्नान पर्व सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश पाल, क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक उझानी प्रवीण कुमार सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat