इस्लामनगर। विकास खंड इस्लामनगर में ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक के साथ ‘एक युद्ध नशे के विरुद्ध’ शपथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, बाल संरक्षण, बाल विवाह रोकथाम और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
थाना इस्लामनगर की बाल कल्याण अधिकारी और पुलिस टीम ने साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताते हुए साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी। जिला मिशन समन्वयक (हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन) छवि वैश्य ने महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं, जैसे मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, पुनर्विवाह दंपति पुरस्कार, दहेज पीड़ित महिलाओं को सहायता, स्पॉन्सरशिप योजना सहित अन्य योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन 112, 1090, 181, 102, 108 और 1098 के बारे में भी बताया गया। अधिकारियों ने बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि ग्राम बाल संरक्षण समितियों के माध्यम से लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रतिनिधि सुनील ने बताया कि किसी भी संकट में फंसे बच्चे 1098 पर कॉल कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं। वहीं एडीओ संजीव शर्मा ने ग्राम एवं ब्लॉक बाल कल्याण एवं संरक्षण समितियों की भूमिका बताते हुए ग्राम स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों, नशा मुक्ति तथा बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में भी जागरूक किया गया। इस अवसर पर सुपरवाइजर डिम्पल, सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक, संरक्षण अधिकारी, डीएमसी छवि वैश्य, जेएसएचईडब्ल्यू प्रीति चौहान, सहायक पंचायत अधिकारी जितेंद्र, चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपरवाइजर सुनील, वन स्टॉप सेंटर की स्टाफ नर्स आकांक्षा सहित विकास खंड इस्लामनगर की आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां एवं ग्राम सचिव मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat