दौड़ प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के यज्ञ तीर्थ गुधनी स्थित आर्य संस्कार शाला गुरुकुल में आयोजित सप्त दिवसीय प्रतियोगिताओं का समापन दौड़ प्रतियोगिता के साथ हुआ। सातवें एवं अंतिम दिवस बालक तथा बालिका वर्गों की दौड़ प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं।
बालक वर्ग में नीरज आर्य ने प्रथम, वंश कुमार आर्य ने द्वितीय तथा अर्जुन आर्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिकाओं के वरिष्ठ वर्ग में कुमारी राधिका आर्य प्रथम, आस्था आर्य द्वितीय तथा भावना आर्य तृतीय स्थान पर रहीं। कनिष्ठ बालिका वर्ग में वंशिका ने प्रथम, कुमारी यामिनी ने द्वितीय तथा अंशिका आर्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा।
आर्य संस्कार शाला के संस्थापक एवं आचार्य संजीव रूप ने कहा कि प्रतियोगिताएँ बच्चों की प्रतिभा, कला और क्षमता को निखारने का प्रभावी माध्यम हैं। इनसे बच्चों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, उत्साह, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा विकसित होती है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही पुरस्कार वितरण समारोह की तिथि निर्धारित की जाएगी, जिसमें आर्य संस्कार शाला के संरक्षकों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में विजेता एवं प्रतिभागी बच्चों को सम्मानित किया जाएगा।
आर्य संस्कार शाला की आचार्या कुमारी तृप्ति आर्य ने बताया कि गुरुकुल में बच्चों को वर्ष के 365 दिन बिना किसी अवकाश के निःशुल्क यज्ञ, योग, व्यायाम, संस्कार तथा व्यवहारिक शिक्षा प्रदान की जाती है। उन्होंने अभिभावकों से अधिक से अधिक बच्चों को संस्कारयुक्त शिक्षा से जोड़ने का आह्वान किया।
Budaun Amarprabhat