उघैती। थाना उघैती क्षेत्र के कस्बे में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक आढ़त के पास सो रहा था। इसी दौरान अनाज लोड करने पहुंचे ट्रक की चपेट में आ गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम बरबारा निवासी जितेंद्र कुमार (30) कस्बे में महानगर रोड स्थित एक आढ़त के समीप लेटा हुआ था। बताया जा रहा है कि अनाज लोड करने के लिए पहुंचे ट्रक को बैक करते समय युवक उसकी चपेट में आ गया। हादसे में जितेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को बिल्सी सीएचसी भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Budaun Amarprabhat