दातागंज। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के तत्वावधान में दातागंज तहसील प्रांगण में सोमवार को आंगनवाड़ी कार्यकर्ता/सहायिका सम्मान समारोह एवं अवशेष नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम अत्यंत भव्यता के साथ संपन्न हुआ।
समारोह का शुभारंभ सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कर्मियों द्वारा लखनऊ से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखकर किया गया। जैसे ही मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी बहनों के मानदेय में वृद्धि और कैशलेस चिकित्सा सुविधा जैसी ऐतिहासिक सौगातों की घोषणा की, पूरा सभागार हर्ष और उत्साह से भर उठा। सभी उपस्थित बहनों और अधिकारियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ इस फैसले का स्वागत किया।
इसके बाद मंच से दातागंज विकास खंड की अवशेष 13 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों और 20 सहायिकाओं सहित कुल 33 नवनियुक्त बहनों को विधिवत नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। उल्लेखनीय है कि पूर्व में वितरित पत्रों को मिलाकर दातागंज क्षेत्र में अब तक कुल 158 नवनियुक्त कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं को जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है।
समारोह को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय भाजपा विधायक एवं विधायन समिति के सभापति राजीव कुमार सिंह (बब्बू भैया) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व में प्रदेश में महिला सशक्तिकरण और बाल पोषण अभियानों को नई गति मिली है। मानदेय वृद्धि और कैशलेस इलाज की सुविधा से बहनों का मनोबल कई गुना बढ़ेगा, जिससे वे पूरी लगन और निष्ठा के साथ मातृ-शिशु स्वास्थ्य व पोषण सेवाओं को अंतिम पायदान तक पहुंचाएंगी। वहीं ब्लॉक प्रमुख अतेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि आंगनवाड़ी बहनें सरकार और समाज के बीच की सबसे मजबूत रीढ़ हैं।
इस अवसर पर भाजपा ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री महेश राठौर, परियोजना निदेशक, उपजिलाधिकारी विनोद कुमार सिंह, तहसीलदार दातागंज, कार्यक्रम संयोजक व म्याऊं सीडीपीओ हरेंद्र सिंह सहित सभी ब्लॉकों के सीडीपीओ और नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं। कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक माधव सिंह ने किया।
Budaun Amarprabhat