5 चोरी की बाइकों सहित 3 शातिर गिरफ्तार
बदायूं: जनपद में अपराध नियंत्रण और वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी (नगर) व प्रभारी निरीक्षक कोतवाली के नेतृत्व में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने कब्रिस्तान की बाउंड्री के पास से घेराबंदी कर 3 शातिर मोटरसाइकिल चोरों को दबोच लिया। इनके कब्जे से चोरी की 5 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान राजा पुत्र पप्पू (निवासी मोहल्ला नाहर खां सराय, थाना कोतवाली, बदायूं), मुजाहिद पुत्र साहिद (निवासी खेड़ा बुजुर्ग, थाना सिविल लाइन) और आशु पुत्र मुन्ने (निवासी ग्राम बदरियां, थाना सोरों, जनपद कासगंज) के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि यह गिरोह रेकी कर विभिन्न इलाकों से दोपहिया वाहन चुराता था और फिर उनकी नंबर प्लेट बदलकर तथा चेसिस नंबर घिसकर धोखाधड़ी से राहगीरों व जरूरतमंदों को औने-पौने दामों में बेच देता था।
पुलिस द्वारा ई-चालान ऐप और चेसिस/इंजन नंबरों के मिलान पर बरामद 5 बाइकों में से कई के वास्तविक स्वामियों का पता चला। इनमें फरशोरी टोला बदायूं निवासी शब्बीर अली की हीरो पैशन प्रो (UP24AA3484), उझानी के ग्राम देहरा निवासी शमशाद सैफी की हीरो स्प्लेंडर प्लस (UP24AC7995), कायस्थान बदायूं निवासी रफीक उद्दीन की हीरो सुपर स्प्लेंडर (UP24N9613) और बरेली के सैदपुर लशकरीगंज निवासी अकील की स्प्लेंडर प्लस (UP25DU7499) शामिल हैं। इसके अलावा एक अन्य हीरो पैशन प्रो पर फर्जी नंबर प्लेट अंकित पाई गई, जिसका चेसिस नंबर घिसा हुआ था।
पकड़े गए अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास है। राजा और आशु के खिलाफ पूर्व में थाना मूसाझाग में चोरी के मामले दर्ज हैं, वहीं आशु पर कासगंज के सोरों थाने में दहेज उत्पीड़न का भी मुकदमा दर्ज है। कोतवाली पुलिस ने तीनों के खिलाफ संबंधित धाराओं (BNS 317(2), 317(4), 317(5), 318(4), 338, 336(3), 340(2)) में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। सफलता प्राप्त करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक हरिओम सिंह, उपनिरीक्षक संजय तोमर, मुख्य आरक्षी वसीम अहमद तथा आरक्षी कुलदीप मावी, जितेंद्र कुमार व सुवेंद्र शामिल रहे।
Budaun Amarprabhat