100 युवाओं को मिलेगा पढ़ाई का बेहतर माहौल, सदर विधायक ने दी सौगात
बदायूँ। बदायूँ विधानसभा क्षेत्र के युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी सौगात सामने आई है। मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत नगर पंचायत बजीरगंज में लगभग 1.40 करोड़ रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक स्टडी सेंटर (वाचनालय व अध्ययन केंद्र) का निर्माण कराया जाएगा। इस आधुनिक केंद्र के निर्माण की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था सी एंड डीएस (C&DS) को सौंपी गई है।
प्रस्तावित स्टडी सेंटर को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जहां एक साथ 75 से 100 छात्र-छात्राओं के बैठने और अध्ययन करने की सुव्यवस्थित व्यवस्था होगी। शांत वातावरण, डिजिटल संसाधन और आवश्यक पुस्तकों की उपलब्धता से ग्रामीण व कस्बाई क्षेत्र के होनहार विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं (जैसे सिविल सेवा, एसएससी, बैंकिंग, रेलवे आदि) की तैयारी के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
परियोजना को लेकर बदायूँ सदर विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और अनुकूल वातावरण देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और डबल इंजन सरकार की नीतियों के तहत शिक्षा का यह ढांचा क्षेत्र के युवाओं के भविष्य को संवारने में मील का पत्थर साबित होगा।
विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा, “बदायूँ विधानसभा क्षेत्र में चहुंमुखी विकास का क्रम अनवरत जारी है। सड़क, स्वास्थ्य, खेल और बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ शिक्षा क्षेत्र में ढांचागत सुधार हमारी प्राथमिकता है। बजीरगंज का यह स्टडी सेंटर इसी विकास यात्रा की महत्वपूर्ण कड़ी है। हमारा उद्देश्य है कि कस्बों और ग्रामीण इलाकों के युवाओं को भी वही आधुनिक सुविधाएं मिलें जो महानगरों में उपलब्ध होती हैं।” उन्होंने भरोसा जताया कि निर्माण कार्य शीघ्र गुणवत्ता के साथ पूरा कर इसे युवाओं को समर्पित किया जाएगा।
Budaun Amarprabhat