बदायूं। जनपद में अपराध व अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत सिविल लाइन थाना पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस टीम ने पुलिस अभिरक्षा से फरार चल रहे 25,000 रुपये के इनामी वांछित अपराधी सुरजन सिंह को अवैध असलहे और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व और प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र सिंह की अगुवाई में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर ग्राम फिरोजपुर इकलहरी निवासी सुरजन सिंह पुत्र रामबहादुर सिंह को दबोच लिया। उसके कब्जे से जानलेवा हमले की घटना में प्रयुक्त 315 बोर का एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
गौरतलब है कि सुरजन सिंह हत्या के प्रयास (बीएनएस 109(1), 115(2)) के मामले में वांछित था और पूछताछ के दौरान पुलिस हिरासत से फरार हो गया था, जिसके बाद उस पर धारा 261, 262 बीएनएस का अभियोग पंजीकृत कर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गिरफ्तार अभियुक्त का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ सिविल लाइन थाने में बलवा, जानलेवा हमला व मारपीट के आधा दर्जन गंभीर मुकदमे (वर्ष 2013, 2016, 2023, 2025 व 2026 में) दर्ज हैं।सफलता प्राप्त करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक हेरेंद्र सिंह, निरीक्षक अपराध सुपेन्द्र मलिक, निरीक्षक अपराध उमेश कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह उज्जवल, मुख्य आरक्षी सुधीर कुमार और आरक्षी विकास कुमार व अंशू यादव शामिल रहे। पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी कर अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
Budaun Amarprabhat