उझानी (बदायूं)। थाना उझानी क्षेत्र के मोहल्ला रामलीला मैदान (रेलवे रोड) में एक विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट और उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। मामले में पति समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है।
कासगंज के मोहल्ला जय जयराम (सोरों गेट) निवासी विनोद कुमार साहू ने अपनी बेटी नीतू (34) का विवाह करीब पांच वर्ष पहले उझानी निवासी विशाल साहू पुत्र राजीव साहू के साथ किया था। मायके पक्ष का आरोप है कि विवाह के बाद से ही नीतू को दहेज की मांग को लेकर परेशान किया जा रहा था। आरोप है कि गुड़गांव में फ्लैट और नकदी की मांग को लेकर पति विशाल, ससुर राजीव, सास प्रवीना और देवर सार्थक द्वारा नीतू के साथ मारपीट की गई।
परिजनों के अनुसार, घटना के बाद नीतू को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नौशेरा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग अस्पताल पहुंचे। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के परिजनों ने पति, सास, ससुर और देवर के खिलाफ दहेज हत्या की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Budaun Amarprabhat