Breaking News

नींद की एक झपकी और पलट गई यात्रियों से भरी बस, गंगा एक्सप्रेसवे पर मची चीख-पुकार, 19 घायल

Spread the love

बदायूं। जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से कानपुर की ओर जा रही यात्रियों से भरी एक डबल डेकर बस चालक को अचानक नींद की झपकी आने की वजह से अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और सड़क पर ही पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। इस दुर्घटना में 19 यात्री घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा कुंवरगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा एक्सप्रेसवे के पिलर नंबर 177.2 के पास शुक्रवार तड़के करीब 3:50 बजे हुआ। डबल डेकर बस (संख्या AR 01 W 2800) दिल्ली से सवारियां लेकर कानपुर जा रही थी। बस में करीब 20 से 25 यात्री सवार थे और अधिकांश लोग गहरी नींद में थे। इसी दौरान पिलर नंबर 177.2 के समीप चालक को झपकी आ गई। वाहन अनियंत्रित हुआ और चालक के संभालने से पहले ही तेज रफ्तार बस सीधे डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस डिवाइडर से टकराने के बाद काफी दूर तक सड़क पर घिसटती चली गई और पलट गई। धमाके और झटके के साथ अंदर बैठे यात्रियों में कोहराम मच गया। हादसे में बस चालक अंकित सहित कुल 19 लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान ब्रजेश उपाध्याय, मयंक झा, सौरभ, विवेक, संदीप, सत्यनंद, सलील, अजय, शिवम, हरीश्याम, भगतराम, ममता, विधान, हरमईनी, शकुंतला, खुशी, सुशांत और रिषभ गुप्ता के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही कुंवरगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत एंबुलेंस से सीएचसी वजीरगंज व जिला अस्पताल भिजवाया। इनमें रिषभ गुप्ता की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर नजदीकी रेस्ट एरिया में खड़ा कराया, जिसके बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य हो सका।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

अलापुर में मुठभेड़ के बाद गौकशी का आरोपी गिरफ्तार, पुलिसकर्मी भी घायल

Spread the loveबदायूं, 8 सितंबर। थाना अलापुर पुलिस ने गौकशी के मामले में वांछित चल …