Breaking News

सिद्ध बाबा इंटर कॉलेज शरह बरौलिया में योग शिविर का आयोजन, छात्रों ने सीखे योग के गुर

Spread the love

बिसौली। स्थानीय सिद्ध बाबा इंटर कॉलेज शरह बरौलिया में मंगलवार को एक दिवसीय योग शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के विभिन्न आसनों और उनके महत्व को समझा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय थल सेना से सेवानिवृत्त सूबेदार एवं चंडीगढ़ पुलिस के योग प्रशिक्षक राम गोपाल सिंह यादव उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी और ताड़ासन सहित कई महत्वपूर्ण योगासनों का व्यावहारिक अभ्यास कराया।
छात्रों को संबोधित करते हुए योग प्रशिक्षक राम गोपाल सिंह यादव ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक कला है। नियमित योगाभ्यास से शरीर निरोगी रहता है और मस्तिष्क की कार्यक्षमता बढ़ती है। विद्यार्थियों के लिए योग अत्यंत लाभकारी है क्योंकि यह स्मरण शक्ति और एकाग्रता को बढ़ाकर पढ़ाई में बेहतर परिणाम दिलाने में मदद करता है। उन्होंने युवाओं से प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट योग करने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राजकुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि आज की भागदौड़ भरी और तनावपूर्ण दिनचर्या में योग मानसिक शांति का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि छात्र इस प्रशिक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगे।
इस अवसर पर भारतीय सेना के सेवानिवृत्त सूबेदार मान सिंह यादव, कारगिल युद्ध के नायक सूबेदार कृष्णवीर सिंह यादव, महेश पाल सिंह यादव, नीरज चौहान, विपलव भारती, रामौतार मौर्य, विपुल प्रताप सिंह और प्रवीण मिश्रा सहित समस्त शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन प्रधानाचार्य द्वारा सभी अतिथियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

प्रख्यात कवि डॉ. उर्मिलेश की स्मृति में अंतर माध्यमिक काव्य प्रतियोगिता, विद्यार्थियों ने काव्य पाठ से बांधा समां

Spread the loveबदायूँ। हिन्दी दिवस की पूर्व संध्या पर प्रख्यात कवि डॉ. उर्मिलेश के अमृत …