बरेली, 17 सितंबर। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में देशव्यापी स्वच्छता अभियान के तहत गुरुवार को ‘स्वच्छ पाठशाला-युवा के लिए स्वच्छता’ दिवस मनाया गया। इस दौरान गोरखपुर मुख्यालय से आए प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, शाखाधिकारियों और रेल कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाकर ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ किया।
प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से स्वच्छता के प्रति सजग रहने तथा प्रत्येक वर्ष 100 घंटे यानी हर सप्ताह दो घंटे श्रमदान करने का संकल्प कराया। अभियान में रेलवे कर्मचारियों के साथ गैर सरकारी संगठनों, यूनियन, एसोसिएशन और स्काउट-गाइड्स की भी सहभागिता रही।
मंडल रेल प्रबंधक ने रेलवे स्टेशनों, रेल परिसरों, प्रसाधनों, ट्रेनों और पटरियों को स्वच्छ रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता बनाए रखने में रेलकर्मियों के साथ रेल यात्रियों की जागरूकता भी जरूरी है।
अभियान के तहत यात्रियों, कर्मचारियों और विक्रेताओं को स्वच्छता, उचित अपशिष्ट निस्तारण और प्लास्टिक मुक्त भारत के प्रति जागरूक किया गया। मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ थीम के पोस्टर, बैनर और फ्लेक्स लगाए गए। पीलीभीत, काठगोदाम, हल्द्वानी, लालकुआं, रुद्रपुर सिटी, काशीपुर, बरेली सिटी, इज्जतनगर, कासगंज, हाथरस, फर्रुखाबाद और कन्नौज सहित प्रमुख स्टेशनों पर श्रमदान कर प्लेटफार्म और परिसर की सफाई की गई।
Budaun Amarprabhat