
उसहैत। कस्बे में चल रहे दस दिवसीय भव्य श्री गणेश चतुर्थी महोत्सव के दौरान माता राधा रानी का जन्मोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय माहौल में धूमधाम से मनाया गया। इस पावन अवसर पर दातागंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में प्रतिनिहित विधायन समिति के सभापति राजीव कुमार सिंह उर्फ ‘बब्बू भैया’ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही आयोजकों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद विधायक राजीव कुमार सिंह ने विधिवत मंत्रोच्चार के बीच प्रथम पूज्य विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश और माता राधा रानी की आरती उतारी और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा। उन्होंने मंच पर श्री गणेश और राधा रानी के रूप में सजे बाल कलाकारों का तिलक कर उनकी आरती भी उतारी।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए विधायक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि सनातन संस्कृति में किसी भी मांगलिक या धार्मिक अनुष्ठान से पूर्व भगवान गणेश का प्रथम आह्वान करने की परंपरा है। गणपति बप्पा सभी कष्टों को हरने वाले और मंगल करने वाले देवता हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सौहार्द, सद्भाव और भाईचारे को प्रगाढ़ करते हैं, जिससे मनुष्य को आत्मिक शांति मिलती है। उन्होंने सभी देवी-देवताओं से संपूर्ण क्षेत्र, प्रदेश और राष्ट्र के कल्याण की मंगल कामना की।
इसके उपरांत उन्होंने भक्तों के साथ बैठकर कार्यक्रम में प्रस्तुत की गई मनमोहक धार्मिक झांकियों का आनंद लिया और इतने भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आयोजन समिति की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
इस दौरान उसहैत थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। पूरा पंडाल ‘गणपति बप्पा मोरया’ और ‘राधे-राधे’ के जयकारों से गूंज उठा।
Budaun Amarprabhat