बदायूं। जनपद बदायूं के परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों द्वारा राष्ट्रीय व जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन करने पर शिक्षक समुदाय में हर्ष का माहौल है। दिल्ली में आयोजित गरिमामय समारोह में राष्ट्रीय भाषा अवार्ड 2026 (गोल्ड मेडल) से सम्मानित होकर लौटे परिषदीय शिक्षक जमीर अहमद व मोहम्मद विकार उद्दीन तथा जनपद बदायूं के प्रतिष्ठित ‘शिक्षक रत्न पुरस्कार 2026’ से सम्मानित फरहत हुसैन के सम्मान में एक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया।
यह सम्मान समारोह उत्तर प्रदेश जूनियर हाई स्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ बदायूं के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहम्मद जुबैर अहमद के आवास पर संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षक वर्ग ने तीनों प्रतिभाशाली शिक्षकों को फूल-मालाएं पहनाकर और प्रतीक चिह्न भेंट कर उनका जोरदार स्वागत किया।
वक्ताओं ने कहा कि शिक्षकों की यह उपलब्धि पूरे बदायूं बेसिक शिक्षा विभाग और शिक्षक समाज के लिए गौरव का विषय है। इससे अन्य शिक्षकों को भी शिक्षण कार्य में नवाचार और उत्कृष्टता लाने की प्रेरणा मिलेगी। इस सुनहरे अवसर पर मोहम्मद अयूब, मोहम्मद जुबेर अहमद, नदीम अहमद खान, कमाल अख्तर, अतीक उर रहमान, अफसार अहमद सहित कई शिक्षक व गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat