पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद, हादसे की आशंका; ग्रामीणों ने मरम्मत की मांग की
उघैती। हर घर नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क को कार्य पूरा होने के बाद भी दुरुस्त नहीं कराया गया है। खितौरा में महलोली रोड तिराहे के पास सड़क के बीचोंबीच बना गहरा गड्ढा राहगीरों और ग्रामीणों के लिए मुसीबत बना हुआ है। इससे स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ ही प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार जल योजना के तहत पाइपलाइन डालने के लिए सड़क की खुदाई की गई थी। काम पूरा होने के बाद संबंधित विभाग की ओर से सड़क की मरम्मत कराकर गड्ढे को समतल नहीं कराया गया। लंबे समय से सड़क के बीच बने गड्ढे के कारण यहां से गुजरने वाले दोपहिया वाहन चालकों के सामने दुर्घटना का खतरा बना रहता है। सुबह और दोपहर के समय स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को भी इस स्थान से निकलने में परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने बताया कि वाहनों के गड्ढे में गिरने से पेयजल आपूर्ति की पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे प्रतिदिन हजारों लीटर पानी सड़क पर बहकर बर्बाद हो रहा है। आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
सड़क पर गड्ढे के आसपास पर्याप्त संकेतक या बैरिकेडिंग भी नहीं है। ऐसे में रात के समय दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मौके का निरीक्षण कराकर गड्ढे को तत्काल भरवाने, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन ठीक कराने और सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
ओमकार शर्मा, सिल्लू गुप्ता, राकेश भारद्वाज, दिनेश, कमल गुप्ता, तनुज गुप्ता, अनिल नगर, रामौतार गुप्ता, पिंटू गुप्ता, जावेद, गौरव, नवनीत और विजय गुप्ता सहित अन्य ग्रामीणों ने जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की।
Budaun Amarprabhat