बदायूं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मंगलवार को लखनऊ स्थित उनके आवास पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य और बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य के साथ मुलाकात की। इस दौरान बदायूं के विकास से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
राजीव कुमार गुप्ता ने राजकीय मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं में सुधार, कछला पर्यटन स्थल के प्रस्तावित पार्ट-बी का काम शुरू कराने, गंगा एक्सप्रेसवे के पास ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने और एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा जाली लगाने का विषय रखा। उन्होंने दातागंज में स्पोर्ट्स कॉलेज और जेल की खाली भूमि पर पार्क विकसित करने की मांग भी मुख्यमंत्री के सामने रखी।
जिलाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से बदायूं आने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने शीघ्र बदायूं आने की बात कही। उन्होंने जनपद से जुड़े विकास कार्यों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
Budaun Amarprabhat