उझानी। नगर पालिका अशर्फी देवी कन्या इंटर कॉलेज, उझानी में आयोजित तीन दिवसीय स्काउट एवं गाइड प्रशिक्षण शिविर का सांस्कृतिक कार्यक्रमों और कैंपफायर की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ भव्य समापन हुआ। शिविर के अंतिम दिन छात्राओं ने आकर्षक तंबुओं का शहर बसाया और विभिन्न प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ‘मां दुर्गा कंपनी’ ओवरऑल चैंपियन बनी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रधानाचार्या श्रीमती वीरू ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने संबोधन में प्रधानाचार्या वीरू ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बालिकाएं अपनी अद्भुत क्षमता को पहचानें और अपनी अंतर्निहित शक्ति का उपयोग सृजनात्मक कार्यों में करें। वहीं जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि बालिकाएं श्रेष्ठ ज्ञान अर्जित कर राष्ट्र का मस्तक ऊंचा करें। उन्होंने छात्राओं से अपने कर्तव्यों और अधिकारों के प्रति सजग रहते हुए राष्ट्रहित में योगदान देने का आह्वान किया।
शिविर के दौरान आयोजित प्रतियोगिताओं के जूनियर वर्ग में पार्वती कंपनी ने प्रथम, रानी लक्ष्मीबाई कंपनी ने द्वितीय तथा मां सरस्वती कंपनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सीनियर वर्ग में मां दुर्गा कंपनी ने प्रथम, श्री राधा कृष्ण कंपनी ने द्वितीय और भारत माता व मां सरस्वती कंपनी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। मां संतोषी, मां काली, धरती माता और मीराबाई कंपनियों को सांत्वना पुरस्कार से नवाजा गया।
विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि प्रधानाचार्या वीरू, शिक्षिका वसीम निगहत खानम और रंजू कुमारी ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। गाइड कैप्टन रजनी कुमारी एवं प्रेमलता शर्मा के नेतृत्व में छात्राओं ने देशभक्ति व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
निर्णायक मंडल में शिक्षिका सरिता शर्मा, इच्छा तिवारी और राजकुमारी पाल शामिल रहीं। इस अवसर पर मुस्कान शर्मा, शालिनी वार्ष्णेय, गुंजन गुप्ता, पूजा चौहान, रोहिल्ला नाज, श्यामा शर्मा, शिल्पी गुप्ता, अमीर बानो और सुषमा तिवारी सहित समस्त विद्यालय परिवार मौजूद रहा।
Budaun Amarprabhat