कादरचौक। विकास खंड क्षेत्र के ग्राम कौआ नगला में पिछले काफी दिनों से सफाई व्यवस्था पूरी तरह बदहाल है। गांव की नालियों और नालों की नियमित सफाई न होने के कारण भारी मात्रा में कचरा और गंदा पानी जमा है, जिससे ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में तैनात सफाई कर्मी भगवान सिंह द्वारा नियमित रूप से साफ-सफाई नहीं की जा रही है। जगह-जगह बजबजाती नालियों और दुर्गंध के कारण संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा मंडरा रहा है। शाम ढलते ही मच्छरों का प्रकोप इतना बढ़ जाता है कि लोगों का घरों के बाहर बैठना तक दूभर हो गया है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते नालियों को साफ नहीं कराया गया, तो आगामी दिनों में जलभराव की स्थिति और विकराल हो जाएगी।
स्थानीय निवासियों ने संबंधित विभाग, ग्राम पंचायत और उच्चाधिकारियों से मांग की है कि लापरवाह सफाई कर्मी को निर्देशित कर गांव में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, ताकि ग्रामीणों को गंदगी, दुर्गंध और मच्छरों के आतंक से तत्काल राहत मिल सके।
Budaun Amarprabhat