Breaking News

मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ

Spread the love

बदायूँ: 23 सितम्बर। प्रदेश के किसानों की आय में वृद्धि, कृषि को अधिक लाभकारी बनाने तथा किसानों को सशक्त करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का शुभारंभ बुधवार को प्रदेश स्तर पर सजीव प्रसारण के माध्यम से किया गया। जनपद बदायूँ में इसका स्थानीय कार्यक्रम डायट स्थित ऑडिटोरियम में मुख्य अतिथि सदर विधायक महेश चन्द्र गुप्ता की उपस्थिति में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने योजना का शुभारंभ करते हुए बताया कि योजना के माध्यम से पात्र कृषकों को कृषि एवं उनके आर्थिक विकास में सहायता प्रदान की जाएगी। प्रदेश के विभिन्न जनपदों में उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के माध्यम से लघु एवं सीमांत कृषकों को 06 प्रतिशत रियायती ब्याज दर पर अधिकतम 06 लाख रुपये तक का दीर्घकालीन ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। योजना का उद्देश्य किसानों को कृषि से संबंधित आवश्यक कार्यों एवं संसाधनों के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराते हुए उनकी आय में वृद्धि करना है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक, बदायूँ की ओर से जनपद के पांच आदर्श कृषकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में योजना से संबंधित जानकारी किसानों को उपलब्ध कराई गई तथा पात्र कृषकों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया। अधिकारियों द्वारा किसानों को शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जिला सहकारी बैंक बदायूँ की उपसभापति रानी सिंह पुंडीर, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक बदायूँ के प्रतिनिधि नत्थू लाल वर्मा, यूपीएस बदायूँ के निदेशक मनोज कृष्ण गुप्ता, डीसीडीएफ के चेयरमैन रविन्द्र पाल सिंह, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक बदायूँ के वरिष्ठ प्रबंधक प्रवल प्रताप सिंह तथा सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता बदायूँ विवेक कौशल उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक की विभिन्न शाखाओं के प्रतिनिधि एवं अधिकारी, समितियों के सचिव, किसान संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे।
—-


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में अभियुक्त को 20 साल की सजा

Spread the loveबदायूं। ऑपरेशन कन्विक्शन अभियान के तहत बदायूं पुलिस की प्रभावी पैरवी के बाद …