उघैती
भारतीय किसान यूनियन के तत्वाधान में शहीद-ए-आज़म भगत सिंह की 119वीं जयंती बड़े ही धूमधाम, उल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष (युवा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश) ऋषभ चौधरी के कैंप कार्यालय पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें यूनियन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद भगत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने देश की आजादी में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
समारोह को संबोधित करते हुए युवा भाकियू के प्रदेश उपाध्यक्ष ऋषभ चौधरी ने कहा कि शहीद भगत सिंह केवल एक क्रांतिकारी नहीं, बल्कि युवाओं के प्रेरणास्रोत और विचारों के संवाहक हैं। उन्होंने बहुत ही कम उम्र में देश की स्वाधीनता के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी थी। उनके विचार, विचारधारा और राष्ट्रभक्ति की भावना आज भी हर भारतीय के दिल में जीवंत है। उन्होंने कहा कि किसानों, मजदूरों और युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए भगत सिंह के पदचिह्नों पर चलना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा गया और ‘शहीद भगत सिंह अमर रहें’ तथा ‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारों से माहौल गूंज उठा। इस मौके पर उपस्थित नेताओं ने समाज और देशहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ऋषभ चौधरी प्रदेश उपाध्यक्ष भाकियू, मुकेश चौधरी, विवेक झा, सौंवी चौधरी, अंकित जाटव , शिवम जाटव,दीपक, किशन, मा प्रेम पाल सिंह, इस्तकार मेवाती, दलबीर यादव आदि युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat