उघैती
थाना क्षेत्र के गांव करनपुर स्थित नखाशा बाज़ार के ‘शिव शक्ति फार्म हाउस’ में नवदिवसीय श्री शिव महापुराण कथा ज्ञानयज्ञ के पावन अवसर पर अत्यंत भव्य, आकर्षक एवं भक्तिमय कलश यात्रा का आयोजन बड़ी ही धूमधाम के साथ किया गया। इस कलश यात्रा के साथ ही पूरे क्षेत्र में भक्ति और अध्यात्म की अविरल धारा बह निकली है।कलश यात्रा का शुभारंभ कथा व्यास परम पूज्य महामंडलेश्वर अनन्तश्रीविभूषित ब्रह्मऋषि पूज्यपाद अमृतदास खाकी जी महाराज के दिव्य सानिध्य एवं पावन आशीर्वाद के साथ हुआ। यात्रा की शुरुआत से पूर्व मुख्य यजमान एवं आयोजकों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश तथा मंगल कलशों का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। तत्पश्चात पारंपरिक ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजे और धार्मिक धुन पर नाचते-गाते श्रद्धालुओं के विशाल जनसमूह के साथ यात्रा आगे बढ़ी।कलश यात्रा का मुख्य आकर्षण पीले एवं लाल पारंपरिक परिधानों में सजी सैकड़ों महिलाएँ और कन्याएँ रहीं, जो अपने सिर पर पवित्र जल से भरे मंगल कलश धारण कर अत्यंत भक्तिभाव से चल रही थीं। ‘हर-हर महादेव’, ‘जय शिव शंभू’ और ‘ऊँ नमः शिवाय’ के गगनभेदी जयकारों से पूरा करनपुर एवं आसपास का क्षेत्र शिवमय हो उठा। नगर के विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों एवं समाजसेवियों द्वारा यात्रा का पुष्पवर्षा कर भावुक स्वागत किया गया और श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेय व जलपान की व्यवस्था की गई।कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मुख्य आयोजक राहुल कुमार सिंह ने बताया कि यह दिव्य शिव महापुराण कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से सायंकाल 6 बजे तक आयोजित की जाएगी। कथा के दौरान श्रोताओं को भक्तिरस में सराबोर करने के लिए संत कवि सात्विक नीलदीप जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। इसके साथ ही विशेष आकर्षण के रूप में पूज्य कालीचरण जी महाराज द्वारा अलौकिक ‘शिव ताण्डव’ का गायन किया जाएगा, जिसको लेकर क्षेत्रवासियों में भारी उत्साह है।
आयोजक मंडल ने आगे बताया कि इस नवदिवसीय आयोजन के अंतर्गत अनेक धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिनमें भव्य शिव बारात, सुंदर कवि सम्मेलन तथा कथा के अंतिम दिन विशाल भंडारे व प्रसाद वितरण का आयोजन शामिल है।
इस भव्य कलश यात्रा एवं शुभारंभ अवसर पर मुख्य रूप से गिरीश कुमार सिंह, अखंड प्रताप सिंह, भानु प्रताप सिंह, अक्षय प्रताप सिंह, विनीत कुमार सिंह, अरुण सिंह, प्रदीप सिंह, दीपक सिंह, सचिन सिंह, राज प्रताप सिंह, प्रणव प्रताप सिंह सहित क्षेत्र के अनेक प्रतिष्ठित नागरिक, समाजसेवी और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat