बदायूं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अलापुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुकर्रब अली खाँ के घर हुई चोरी का खुलासा करते हुए 24 घंटे के भीतर एक शातिर चोर को भारी मात्रा में जेवरात और नगदी के साथ गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष सनी चौधरी की अगुवाई में मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने अभियुक्त इलमान (पुत्र रिजवान, निवासी कबूलपुरा गोटिया, थाना कोतवाली, बदायूं) को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपी के कब्जे से चोरी की गई सफेद धातु (चांदी) की पायल, तौड़िया, खडुए, हथफूल, चेन-लॉकेट, नजरिया, कगना तथा पीली धातु (सोने) की लौंग, टॉप्स, आर्टिफिशियल अंगूठियां, कड़े, कंगन और 7,000 रुपये नकद (500 के 14 नोट) बरामद किए गए हैं।
गौरतलब है कि 25 सितंबर को पीड़ित के घर में घुसकर जेवरात और नकदी चोरी करने के संबंध में अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने मामले में धारा 305, 331(3) व 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया। इस त्वरित खुलासे में उपनिरीक्षक राजू राणा, हेड कांस्टेबल चंद्र प्रकाश, कांस्टेबल अभिलाष पंवार और कांस्टेबल सत्यवीर सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
Budaun Amarprabhat