Breaking News

मिशन वात्सल्य की योजनाओं का पात्रों तक अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के निर्देश

Spread the love

बदायूं, 30 सितंबर। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को मिशन वात्सल्य के तहत जिला बाल संरक्षण इकाई की द्वितीय त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाल संरक्षण एवं कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना कोविड के तहत 76 बच्चों तथा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सामान्य के तहत 311 बच्चों को लाभ दिया गया है। स्पॉन्सरशिप योजना के तहत 72 बच्चों और पीएम केयर्स योजना के तहत तीन लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है। जिलाधिकारी ने योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ पात्र बच्चों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बाल कल्याण समिति में लंबित वादों का निस्तारण कराने के निर्देश जिला प्रोबेशन अधिकारी को दिए। किशोर न्याय बोर्ड में भी निर्धारित दायरे के अनुसार अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण कराने को कहा गया। बालिका गृह के निर्माण के लिए भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया में जिला बाल संरक्षण अधिकारी को एसडीएम सदर से समन्वय स्थापित कर कार्रवाई कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में बाल विवाह से संबंधित 43 सूचनाएं प्राप्त हुईं। इनमें से 28 बाल विवाह बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति, एएचटी थाना और चाइल्ड हेल्पलाइन के माध्यम से रोके गए, जबकि आठ सूचनाएं गलत पाई गईं। जिलाधिकारी ने बाल विवाह से जुड़े मामलों में लगातार फॉलोअप कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा ब्लॉक बाल संरक्षण समिति और वार्ड बाल कल्याण समिति की बैठकें समय से आयोजित कर उनकी सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिला कारागार की संयुक्त निगरानी समिति की समीक्षा के दौरान महिला बंदियों के पुत्रों को संबंधित योजना का लाभ दिलाने की कार्रवाई पूरी करने को कहा गया।

बैठक में मिशन शक्ति और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना की भी समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने जनजागरूकता कार्यक्रम, बाल पेंटिंग, रैली तथा महिला कल्याण विभाग की योजनाओं और संबंधित अधिनियमों पर कार्यशालाएं आयोजित कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला, जिला बाल संरक्षण अधिकारी अभय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, किशोर न्याय बोर्ड व बाल कल्याण समिति के सदस्य तथा जिला बाल संरक्षण इकाई का स्टाफ मौजूद रहा।

संवाददाता गोविन्द देवल


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

रंगमंच पर दिखेगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की सेवा यात्रा : राजीव कुमार गुप्ता

Spread the love*सेवा के 25 वर्षों की कहानी अब रंगमंच पर, बदायूँ में लगभग 66 …