बरेली, 30 सितंबर। ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के तहत पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण, कल्याण शिविर और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में यांत्रिक/ईएनएचएम विभाग की ओर से कराए गए।
अभियान के तहत बरेली सिटी स्टेशन पर 10 सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान उन्हें धूम्रपान और तंबाकू के दुष्प्रभावों के साथ ही गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण की जानकारी दी गई।
कासगंज स्टेशन पर 18 सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। रेलवे के अनुसार जांच में किसी में मधुमेह या उच्च रक्तचाप के लक्षण नहीं मिले। इस दौरान कर्मचारियों को पीपीई किट वितरित करने के साथ आयुष्मान भारत और सामाजिक सुरक्षा बीमा योजनाओं की जानकारी दी गई।
इसके अलावा काशीपुर, टनकपुर और लालकुआं स्टेशनों पर भी स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए गए। कन्नौज स्टेशन पर यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के विकल्प के रूप में कपड़े के थैले वितरित किए गए।
रेलवे प्रशासन के अनुसार सफाई मित्रों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण को ध्यान में रखते हुए इस तरह के स्वास्थ्य परीक्षण, सुरक्षा उपकरण वितरण और जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रखे जाएंगे।
संवाददाता गोविन्द देवल
Budaun Amarprabhat