बिसौली। आसफपुर ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत परसिया का नाम जन्म प्रमाण पत्र पोर्टल पर कथित तकनीकी त्रुटि के चलते ‘पुरसिया’ दर्ज होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्राम परसिया निवासी अधिवक्ता संजीव मिश्रा जिलाधिकारी बदायूं को ज्ञापन सौंपेंगे।
अधिवक्ता के अनुसार राजस्व अभिलेखों में गांव का नाम ‘परसिया’ दर्ज है, जबकि पोर्टल पर गलत नाम प्रदर्शित होने के कारण नवजात बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र में भी ‘पुरसिया’ दर्ज हो रहा है। इससे विद्यालय में प्रवेश, आधार कार्ड बनवाने और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में दिक्कतें आने की बात कही गई है।
उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में मामला होने के बावजूद अभी तक पोर्टल पर सुधार नहीं किया गया है। उन्होंने जिलाधिकारी से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
संवाददाता गोविन्द देवल
Budaun Amarprabhat