बदायूं। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देशानुसार आगामी 12 दिसंबर को जनपद बदायूं में वर्ष की चतुर्थ राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली यह लोक अदालत प्रातः 10 बजे से शुरू होगी।
राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने और अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा बैंक अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई। जनपद न्यायाधीश के आदेशानुसार आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी राजवीर सिंह एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव आंचल राना धवन ने की।
बैठक में उपस्थित समस्त बैंक अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को निर्देशित किया गया कि वे बैंक ऋण से जुड़े प्री-लिटिगेशन (मुकदमा पूर्व) मामलों को अधिक से अधिक संख्या में चिन्हित करें। अधिकारियों से कहा गया कि वे आमजन को लोक अदालत के लाभों के प्रति जागरूक करते हुए नोटिस जारी करें, ताकि आपसी सुलह-समझौते के आधार पर लंबित विवादों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
Budaun Amarprabhat