एडीजे विकास सिंह ने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट के प्रति किया जागरूक, निकली प्रभात फेरी
बदायूँ। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के दिशानिर्देशों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष/जिला जज बदायूँ के कुशल निर्देशन में शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहर के मीरा चौकी स्थित श्री राम सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की प्रातःकालीन सभा में अपर जिला जज (एडीजे) विकास सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो अधिनियम, 2012) के प्रावधानों के प्रति संवेदनशीलता और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विस्तृत जानकारी दी गई। अपर जिला जज विकास सिंह ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि कानून बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा के प्रति पूरी तरह सजग है। उन्होंने सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श (गुड टच-बैड टच), व्यक्तिगत सुरक्षा और किसी भी अप्रिय स्थिति में कानूनी मदद प्राप्त करने के तरीकों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर छात्र-छात्राओं और विद्यालय परिवार द्वारा गांधी जयंती एवं विधिक चेतना के उपलक्ष्य में प्रभात फेरी भी निकाली गई। प्रभात फेरी में विद्यार्थियों ने हाथों में तख्तियां लेकर समाज में कानून के प्रति सजगता और स्वच्छता का संदेश दिया।
प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अंकित रस्तोगी ने बताया कि इस जागरूकता अभियान में विद्यालय के प्रबंधक, अध्यक्ष, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य हर नागरिक और नौनिहाल तक कानून की जानकारी पहुंचाना है ताकि वे अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक रह सकें।
Budaun Amarprabhat