बदायूं। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) बदायूं में जनपद स्तरीय योग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकास क्षेत्रों से शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के माध्यम से पुरुष और महिला वर्ग से प्रदेश स्तरीय योग प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों का चयन किया गया।
प्रतियोगिता में शिक्षकों ने ताड़ासन, धनुरासन, पश्चिमोत्तानासन, गरुड़ासन, नटराजासन, त्रिकोणासन, चक्रासन, शीर्षासन और पवनमुक्तासन सहित विभिन्न योगासनों का प्रदर्शन किया। साथ ही ज्ञान मुद्रा, वायु मुद्रा, आकाश मुद्रा, पृथ्वी मुद्रा और प्राण मुद्रा का भी प्रदर्शन किया गया।
नोडल डायट प्रवक्ता दिलीप कुमार रजक ने कहा कि योग के माध्यम से शिक्षक स्वयं स्वस्थ रहने के साथ विद्यार्थियों को भी स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक कर रहे हैं। निर्णायक की भूमिका योग प्रशिक्षक गिरधारी सिंह राठौर, सोनू पटेल और पल्लवी शर्मा ने निभाई।
पुरुष वर्ग में मुकेश सारस्वत प्रथम, पवन द्वितीय, सुनील यादव तृतीय, सुरेंद्र सिंह चतुर्थ और सुरेंद्र पंचम रहे। महिला वर्ग में प्रियंका चौहान प्रथम, सोनी देवी द्वितीय, मोनिका तृतीय, विजेता चतुर्थ और नीरज पंचम रहीं। प्राचार्य राकेश कुमार ने विजेताओं सहित सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
Budaun Amarprabhat