दातागंज। विकास क्षेत्र के कासू नगला गांव में प्राथमिक विद्यालय नहीं होने से बच्चों को करीब दो किलोमीटर दूर दूसरे गांव में पढ़ने जाना पड़ता है। गांव की आबादी करीब 750 से 800 और बच्चों की संख्या 200 से अधिक बताई गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल जाने के रास्ते में दो नहरें पड़ती हैं। बरसात में पानी बढ़ने पर बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा खेतों की मेड़ों और झाड़ियों से होकर भी गुजरना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में स्कूल निर्माण के लिए क्षेत्रीय विधायक राजीव कुमार सिंह की पहल पर एसडीएम और खंड शिक्षा अधिकारी ने जांच की थी। मानक पूरे मिलने के बाद जिलाधिकारी स्तर से स्कूल निर्माण की संस्तुति भेजे जाने की जानकारी है। ग्रामीण विद्यालय निर्माण की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
संवाददाता गोविंद देवल
Budaun Amarprabhat