बदायूं। भारत विकास परिषद रूहेलखंड पूर्व प्रांत की गौरी शंकर शाखा द्वारा शिव देवी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में भव्य राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के 52 छात्र-छात्राओं ने अपनी सुरीली एवं देशभक्तिपूर्ण प्रस्तुतियों से पूरे परिसर को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं पदाधिकारियों द्वारा मां सरस्वती, भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रांतीय पर्यवेक्षक अतुल अलंकार, पूर्व प्रांतीय संगठन सचिव वीरेश वार्ष्णेय, प्रांतीय संयोजिका प्रमिला गुप्ता एवं भाजपा जिला मंत्री रचना शंखधार मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
प्रतियोगिता में केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज, शिव देवी सरस्वती विद्या मंदिर, डीपीएस, भगवान परशुराम विद्या मंदिर और पूर्व माध्यमिक विद्यालय उनौला के विद्यार्थियों ने हिंदी व संस्कृत भाषा में समूहगान की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। आयोजक विद्यालय की छात्राओं ने लोकगीत भी पेश किए।
कड़े मुकाबले के बाद निर्णायक मंडल (डॉ. मदन मोहन लाल, डॉ. निशा पाठक एवं चित्रा कुमारी) के निर्णय अनुसार केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं शिव देवी सरस्वती विद्या मंदिर द्वितीय तथा पूर्व माध्यमिक विद्यालय उनौला की टीम तृतीय स्थान पर रही।
विजेता छात्र-छात्राओं व निर्णायकों को स्मृति चिन्ह एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शाखा अध्यक्ष आर. के. उपाध्याय, सचिव सौरभ रस्तोगी, कोषाध्यक्ष दिनेश शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय सक्सेना, आयुष भारद्वाज समेत अनेक पदाधिकारी व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat