बदायूं। जिला अस्पताल परिसर में तीमारदारों का सामान और मोबाइल गायब होने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में अपने बीमार रिश्तेदार का हालचाल जानने जिला अस्पताल पहुंची एक महिला का कीमती मोबाइल फोन चोरी हो गया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र की निवासी महिला मरीज से मिलने वार्ड में पहुंची थी। इसी दौरान चिकित्सक के राउंड पर आने के कारण वार्ड से सभी तीमारदारों को बाहर भेज दिया गया। महिला अस्पताल परिसर में लगे पीपल के पेड़ की छांव में बैठ गई और उसने अपना मोबाइल पास में ही नीचे रख दिया। कुछ देर बाद वह अंदर चली गई, लेकिन हड़बड़ाहट में मोबाइल वहीं भूल गई।
जब महिला को मोबाइल का ध्यान आया और वह मौके पर वापस लौटी, तो फोन गायब था। काफी खोजबीन के बाद भी मोबाइल का कोई सुराग नहीं मिला। पीड़िता ने घटना की सूचना परिजनों और संबंधित कर्मियों को दी है। घटना के बाद अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
Budaun Amarprabhat