बदायूँ। थाना मूसाझाग पुलिस, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने गंगा एक्सप्रेसवे पर हुई सनसनीखेज डकैती के मामले में वांछित चल रहे एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़ा गया अभियुक्त मुकुल कुमार, निवासी अहेरीपुर (थाना बकेवर, जिला इटावा) है। पुलिस ने उसे ममता जलपान गृह के पास से दबोचकर विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया।
घटना 24 जुलाई 2026 की है, जब गंगा एक्सप्रेसवे पर ग्राम मैरी बजर मैरी के समीप बोलेरो सवार बदमाशों ने बिहार से आ रहे कैंटर को तड़के करीब 3 बजे रुकवाया था। लुटेरों ने चालक जराफत और हेल्पर के साथ मारपीट कर उनके मोबाइल व कैंटर लूट लिए थे और दोनों को जंगल में छोड़कर फरार हो गए थे। पीड़ित चालक की तहरीर पर मूसाझाग थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 310(2) व 317(3) के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था।
पुलिस के अनुसार, इस वारदात में शामिल तीन आरोपियों को पहले ही सलाखों के पीछे भेजा जा चुका है। मुकुल कुमार लंबे समय से फरार चल रहा था और उसका पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है। एसएसपी बदायूँ के निर्देश पर चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत निरीक्षक अपराध उरेन्द्र पाल सिंह, स्वाट प्रभारी रविन्द्र सिंह और सर्विलांस प्रभारी अरिहन्त कुमार सिद्धार्थ की टीम ने यह गिरफ्तारी सुनिश्चित की।
Budaun Amarprabhat