पानी का निकास नहीं होने से सड़क व घरों में घुस रहा बरसाती पानी , ग्रामीण परेशान , आसफपुर से चंदौसी मार्ग पर द्वंदपुर गांव में भारी जल भराव , सरकारी नाला निर्माण कार्य ठंडे बस्ते में
आसफपुर – हाल ही में बीते दिन रविवार तड़के स्थानीय गांव द्वंदपुर में भारी बरसात के चलते पानी का निकास नहीं होने के कारण ग्रामीणों के घरों में गंदा पानी घुस रहा है जिससे गरीब तबके के लोगों के मकान ढहने का खतरा मंडरा रहा है जिससे कभी भी कोई अप्रिय घटना घटित हो सकती है । इतना ही नहीं गांव में बरसाती पानी का उचित निकास नहीं होने से लोगों के घरों व गलियों में गंदा पानी भरा हुआ है जिससे तरह तरह की बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है ।
साथ ही भारी बारिश के चलते आसफपुर से चंदौसी मार्ग पर गांव द्वंदपुर बाजार में मुख्य सड़क पर बेशुमार बरसाती पानी भरा हुआ है जिससे आसफपुर से चंदौसी मार्ग पर गुजरने वाले वाहनों का एक्सीडेंट होने जैसी घटनाएं घटित हो सकती हैं ।
स्थानीय संभ्रांत डॉक्टर तारिक का मानना है कि गांव द्वंद पुर में निर्माणाधीन सरकारी नाला पिछले दिनों से अधूरा पड़ा है जिससे ग्रामीणों व राहगीरों को सड़क पर निकलना दूभर हो गया है । डॉक्टर तारिक का कहना है कि ग्राम पंचायत व जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों द्वारा निर्माणाधीन सरकारी नाला गलत ढंग से प्रस्तावित किया गया है जिससे पानी का निकास अवरुद्ध होने की आशंका है और जिम्मेदारों की सही सूझ बूझ के अभाव के चलते सरकारी धनराशि का सही उपयोग नहीं हो पा रहा है ।
द्वंदपुर बाजार में मुख्य सड़क पर पुराने नाले पर कुछ ग्रामीणों द्वारा अतिक्रमण करने के चलते पुराना नाला चोक पड़ा है जिससे बरसाती मौसम में ग्रामीणों व राहगीरों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है ।
स्थानीय नागरिक धर्मवीर का कहना है कि गांव द्वंदपुर में निर्माणाधीन सरकारी नाला पिछले काफी दिनों से ठंडे बस्ते में पड़ा है जिससे आसफपुर से चंदौसी मार्ग पर चार पहिया व दुपहिया वाहनों को आने जाने में खासा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कभी भी सड़क दुर्घटना होना संभावित है । मीडिया कर्मी ने जब इस जनहित के मुद्दे पर जिम्मेदारों से जानकारी लेना चाही तो जिम्मेदार अधिकारी ने मीडिया कर्मी का फोन रिसीव करना उचित नहीं समझा ।
Budaun Amarprabhat