बिसौली। एस.डी.बी. पब्लिक स्कूल में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम गतिविधि प्रभारी शारदा बवेजा के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। जिसमें कक्षा 9 से 12 के छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। छात्रों ने विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया। इस विशेष अभियान में भाग लेने वाले प्रमुख छात्रों में नितिन, नंदिनी, आरोहि, नेहा, महिमा शर्मा, साक्षी सिंह, श्रद्धा, श्रेया, वंशिका, पारिधि, नव्या, नूरी, श्रुति आदि शामिल रहे। सभी ने पूर्ण समर्पण और जागरूकता के साथ पौधे लगाए और उन्हें नियमित देखभाल का वचन भी दिया।विद्यालय के निदेशक अखिलेश वार्ष्णेय ने छात्रों की सराहना करते हुए कहा कि “बचपन से ही अगर पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित की जाए, तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। हमारे छात्र इस दिशा में शानदार पहल कर रहे हैं। प्राचार्या मीनू बत्रा ने कहा कि हमारे छात्रों ने आज यह दिखा दिया कि वे न केवल शिक्षा में, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व में भी अग्रणी हैं। ऐसे कार्यक्रम उन्हें और अधिक संवेदनशील बनाते हैं। गतिविधि प्रभारी शारदा बवेजा ने कहा कि हम चाहते हैं कि हमारे छात्र सिर्फ किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि प्रकृति से जुड़कर जिम्मेदार नागरिक बनें। वृक्षारोपण इसका एक प्रभावशाली माध्यम है। छात्रों ने जिस लगन और उत्साह से भाग लिया, वह वास्तव में प्रशंसनीय है। कार्यक्रम का समापन छात्रों द्वारा पर्यावरण की सुरक्षा हेतु शपथ लेने के साथ किया गया।
Budaun Amarprabhat