चुनाव में गड़बड़ी रोकने को हर बूथ पर तैनात होगें बीएलए: आदित्य यादव
सांसद ने बिल्सी में गेस्ट हाउस में सुनी जनता की शिकायतें
बिल्सी। सिरासौल रोड स्थित मंडी समिति के गेस्ट हाउस में शनिवार सपा सांसद आदित्य यादव ने क्षेत्र की जनता की समस्याओं को सुना। साथ ही कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आगामी 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान यहां करीब 100 से अधिक शिकायती पत्र प्राप्त हुए। सांसद ने संबंधित अधिकारी को फोन पर वार्ता कर शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सभी कार्यकर्ता अभी से तैयारी में जुट जाएं। उन्होंने कहा विधानसभा चुनाव को लेकर प्रत्येक बूथ पर एक-एक बूथ लेवल एजेंंट (बीएलए) को बनाया जा रहा है। जिससे वोटर लिस्ट में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो। उन्होनें कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा की नीतियों को भली भांति समझ चुकी है। अभी से जनता प्रदेश में सपा की सरकार बनाने का मूड बना चुकी है। वरिष्ठ नेता उदयवीर सिंह शाक्य ने कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ को मजबूत करें। जितना बूथ मजबूत होगा, सपा उस बूथ पर उतनी ही मजबूत बन सकेगी। इसलिए सभी को चाहिए वह पीडीए को मजबूत बनाने में जुट जाए। इस मौके पर सपा के जिलाध्यक्ष आशीष यादव, उदयवीर सिंह शाक्य, कविंद्र सक्सेना, हाजी अजमल खान, फैजान राईन, डोरीलाल बघेल,श्याम बहादुर शाक्य, अनोखे लाल शाक्य, मुनेंद्र यादव, रईस अहमद, इकरार अहमद, किशोरी लाल शाक्य, अवधेश यादव, राजेश्वर सिंह, दीप चंद्र, सोनू यादव आदि मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat