संवाददाता — बदायूं
प्रदर्शनी, फूड प्लाज़ा और पीजेंट शो में रहा शानदार प्रदर्शन
थल सेना आधुनिक तोपों, गनों और ड्रोनों की देगी जानकारी
बदायूं। वृंदावन कॉलोनी के डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में आयोजित 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी में देश–विदेश से पहुंचे स्काउट–गाइडों ने अपनी प्रतिभा और दक्षता का बेहतरीन प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी, फूड प्लाज़ा और पीजेंट शो में जहां रंगारंग नजर आया, वहीं एडवेंचर गतिविधियों में जिले के स्काउट–गाइडों ने अपने अदम्य साहस से सबको प्रभावित किया।
डीटीसी सत्यपाल गुप्ता के नेतृत्व में स्काउट आकाश, विनीत, अंशुल, नीरज, शिवम और कुमारपाल ने अपने स्टॉल पर अयोध्या धाम के श्रीराम मंदिर का आकर्षक मॉडल, ज्वालामुखी, वाटर फाउंटेन, दृष्टिबाधित दिव्यांगों के लिए दिशा ज्ञान यंत्र, विज्ञान–हस्तकला व इलेक्ट्रॉनिक परियोजनाएं तथा प्राचीन कालीन वस्तुओं की शानदार प्रदर्शनी सजाई। फूड प्लाज़ा में जिले की प्रसिद्ध मिठाई पेड़ा और स्थानीय व्यंजनों का मूल्यांकन किया गया, जिनकी विदेशी मेहमानों ने खूब सराहना की। बच्चों ने व्यंजन बनाने की विधियां भी सीखीं।
पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीत कुमार शर्मा ने बताया कि एडवेंचर कार्यक्रमों में जिले के स्काउट–गाइड लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। मंकी ब्रिज, स्काई साइकिल, टायर ब्रिज, कमांडो ब्रिज, भीम पर लटकाना, टायर चिमनी, बांस दीवार, रैपलिंग और जंप जैसी कठिन गतिविधियां कम समय में पूरा कर प्रतिभागियों ने अपनी क्षमता का लोहा मनवाया। यह पूरे जिले के लिए गौरव की बात है।
पीजेंट शो में भी जिले के स्काउट–गाइड उत्तर प्रदेश की टीम में सबसे आगे रहे। जंबूरी की एरीना में इस समय विश्व संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है—श्रीलंका, सऊदी अरब, नेपाल, मालदीव के साथ देश के विभिन्न राज्यों से आए स्काउट–गाइड, यूनिट लीडर और पदाधिकारी अपनी पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
भारत स्काउट–गाइड के प्रादेशिक अध्यक्ष डॉ. महेंद्र सिंह और प्रादेशिक मुख्यायुक्त डॉ. प्रभात कुमार ने स्काउट–गाइडों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम युवा शक्ति का महापर्व है, जहां विश्व संस्कृति एक मंच पर सजीव हो उठती है। संस्था के प्रादेशिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश चंद्र सक्सेना ने भी प्रतिभागियों को शाबाशी दी।
कार्यक्रम में जिला संगठन कमिश्नर मोहम्मद असरार, यूनिट लीडर कुंवरसेन, कैलाश चंद्र, चंद्र मोहन, आशुतोष शर्मा, श्रेष्ठ जीत, उमेश चंद्र, सुदेश चंद्र मिश्रा, मनोज कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
जंबूरी में स्काउट–गाइड का एडवेंचर सिलसिला निरंतर जारी है।
Budaun Amarprabhat