बदायूं। सनातन हिंदू समाज को एक सूत्र में बांधने के उद्देश्य से 18 जनवरी 2026, रविवार को सनातन हिंदू एकता पद यात्रा बिरुआबाड़ी मंदिर, बदायूं से कछला तक निकाली जाएगी। इसी क्रम में पद यात्रा के प्रमुख एवं भागवत प्रवक्ता आचार्य पं. मुमुक्षु कृष्ण (दद्दा) जी महाराज द्वारा क्षेत्र में जगह-जगह सभाएं आयोजित कर सभी सनातनी हिंदुओं से यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया जा रहा है।
सभाओं को संबोधित करते हुए आचार्य पं. मुमुक्षु कृष्ण जी महाराज ने कहा कि हम सभी एक महान और दिव्य सनातन परंपरा के उत्तराधिकारी हैं, जिसका मूल आधार धर्म, सत्य, करुणा और समरसता है। हिंदू संस्कृति का मूल मंत्र “वसुधैव कुटुम्बकम्” है, जो पूरे राष्ट्र को एक परिवार मानने की भावना को प्रकट करता है। इसी विचारधारा से प्रेरित होकर समाज सशक्त, शांतिपूर्ण और प्रगतिशील बन सकता है।
उन्होंने कहा कि आज समय की मांग है कि हम सभी आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट हों और धर्मनिष्ठ प्रतिज्ञा लें, जो केवल शब्दों तक सीमित न रहे, बल्कि हमारे आचरण और व्यवहार में भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे। यह एकता ही सनातन समाज की वास्तविक शक्ति है।
महाराज श्री ने समस्त सनातनी समाज से अपील की कि 18 जनवरी 2026 को भारी संख्या में एकत्र होकर सनातन हिंदू एकता पद यात्रा में सहभागिता करें और अपनी एकजुटता व सांस्कृतिक शक्ति का परिचय दें।
इस अवसर पर सर्व समाज के लोगों ने एक स्वर में महाराज श्री को तन-मन-धन से समर्थन देने का संकल्प लिया और पद यात्रा को ऐतिहासिक बनाने का भरोसा जताया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों में यात्रा को लेकर विशेष उत्साह और जागरूकता देखने को मिली।
Budaun Amarprabhat