
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूँ। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के तत्वावधान में बुधवार को हाउस ऑफ यूनाइटेड शोरूम पर जनपद के प्रमुख ब्रांड्स शोरूम के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पहली बार जनपद के विभिन्न ब्रांड्स शोरूम के प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर एक नई इकाई का गठन किया गया तथा उनसे जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता प्रदीप गुप्ता ने की जबकि संचालन अफान राजपूत द्वारा किया गया। बैठक के दौरान इंद्रा चौक पर खुले नालों से आए दिन हो रही दुर्घटनाओं को लेकर व्यापारियों ने नगरपालिका के प्रति तीखा आक्रोश व्यक्त किया और नारेबाजी करते हुए शीघ्र नाला निर्माण की मांग की।
जिलाध्यक्ष नवनीत गुप्ता ‘शोंटू’ ने कहा कि पुलिस लाइन से लेकर दातागंज तिराहे तक स्थित ब्रांड्स शोरूम के प्रतिनिधियों को एकजुट करने की दिशा में यह एक सार्थक पहल है। उन्होंने बताया कि विभिन्न शोरूम प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी समस्याओं से संगठन को अवगत कराया है, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों से वार्ता कर रणनीति बनाई जाएगी। साथ ही पूरे जनपद में ब्रांड्स शोरूम की सदस्यता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
प्रदेश मंत्री पवन जैन ने कहा कि ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते चलन के कारण ब्रांड्स शोरूम मंदी के दौर से गुजर रहे हैं, जिस पर तत्काल प्रभावी नियंत्रण किए जाने की आवश्यकता है।
कुटुंब शोरूम के प्रतिनिधि अदनान ने जिलाध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन से जुड़कर व्यापारियों की आवाज मजबूत हुई है। उन्होंने इंद्रा चौक से वी-टू तक खुले नालों के कारण हो रही दुर्घटनाओं और पार्किंग व्यवस्था के अभाव से ग्राहकों को हो रही परेशानियों की ओर ध्यान आकर्षित किया।
हाउस ऑफ यूनाइटेड शोरूम की प्रतिनिधि प्रतिभा गुप्ता ने भामाशाह चौक से दातागंज तिराहे तक पथ प्रकाश की समुचित व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताई। वहीं इन्फिनिटी शोरूम के प्रतिनिधि वीरेंद्र शर्मा ने रात्रि गश्त बढ़ाने और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की, जिससे आए दिन लगने वाले जाम से निजात मिल सके।
डीआरएस शोरूम के प्रतिनिधि सुरेंद्र गौतम ने व्यापारियों के उत्पीड़न पर रोक लगाने तथा नगर में डग्गामार वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगाने की मांग रखी।
बैठक के उपरांत खुले नालों के विरोध में सभी व्यापारियों ने सड़क पर उतरकर नगरपालिका के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और गगनभेदी नारे लगाए।
बैठक में रेड चीफ, कोब, एडिडास, केंटबिल, क्लब फॉक्स, एशियन, रिलेक्सो, एलन सॉली, कैल्सिडो, कुटुंब, रेड टेप, हाउस ऑफ यूनाइटेड, ओजो फैशन, स्पार्की, लेंसकार्ट सहित अनेक ब्रांड्स शोरूम के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat