
— संवाददाता: गोविंद देवल
सालारपुर। शीत ऋतु के मद्देनज़र सदर विधायक द्वारा विकास खंड सालारपुर में 350 गरीब एवं निर्धन व्यक्तियों को कंबल वितरित किए गए। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री गुप्ता ने कहा कि आज हम सभी यहां एक अत्यंत संवेदनशील और मानवता से जुड़े कार्य के लिए एकत्र हुए हैं। ठंड के इस कठिन समय में जरूरतमंद, गरीब, वृद्ध एवं असहाय लोगों को कंबल वितरण करना केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा और संवेदना का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि सरकार और जनप्रतिनिधियों का यह दायित्व है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचे। ठंड के मौसम में कोई भी व्यक्ति ठिठुरे नहीं और कोई भी असहाय खुले आसमान के नीचे ठंड से परेशान न हो—इसी उद्देश्य से यह कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। विधायक ने विश्वास दिलाया कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाएं पारदर्शिता के साथ जरूरतमंदों तक पहुंचाई जा रही हैं और आगे भी पहुंचती रहेंगी। गरीबों, किसानों, मजदूरों, वृद्धों एवं दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
कंबल प्राप्त करने वालों से उन्होंने अपील की कि वे इसका सही उपयोग करें तथा यदि उनके आसपास कोई अन्य जरूरतमंद व्यक्ति हो तो उसकी जानकारी प्रशासन को दें, ताकि उसकी भी सहायता की जा सके।
इसके उपरांत विधायक द्वारा ग्राम भटोली एवं गोविंद नगला में लगभग 35 लाख रुपये की लागत से निर्मित सीसी मार्ग का लोकार्पण कर उसे जनता को समर्पित किया गया। इस अवसर पर श्री गुप्ता ने कहा कि किसी भी गांव और कस्बे में सीसी रोड की कमी नहीं रहने दी जाएगी। जहां जैसी आवश्यकता होगी, वहां उसी अनुरूप विकास कार्य कराया जाएगा।
कार्यक्रम में अनेकपाल प्रमुख पति रामचरन पाल, मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह (पूर्व), जिला उपाध्यक्ष श्री सोबरन सिंह राजपूत, मंडल अध्यक्ष नोरंग पाल, रामचरण पाल, अंकित शाक्य, प्यारेलाल, प्रदीप शाक्य, प्रधान सुरेश सिंह, प्रधान राजवीर, धर्मेंद्र कोटेदार, रिंकू सिंह, पातीराम यादव, राकेश सिंह, तेजपाल शाक्य, सत्यवीर पाल, सुरजीत यादव, ठा. गब्बर सिंह, दीपक कश्यप, धीरपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat