बगरैन। थाना वजीरगंज क्षेत्र की कस्बा बगरैन स्थित रिपोर्टिंग पुलिस चौकी पर निवर्तमान चौकी प्रभारी प्रवीण चौहान के स्थानांतरण के उपरांत चौकी परिसर में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं पुलिस स्टाफ ने भावभीनी विदाई दी।
इस अवसर पर निवर्तमान चौकी प्रभारी प्रवीण चौहान ने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्हें पंचायत प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय जनता का भरपूर सहयोग मिला, जिसे वे कभी नहीं भूल पाएंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। विदाई समारोह के दौरान लोगों एवं पुलिस कर्मियों द्वारा उन्हें माला पहनाकर, शाल उड़ाकर तथा मिष्ठान खिलाकर सम्मानपूर्वक विदा किया गया।
वहीं नवागत चौकी प्रभारी गौरव कुमार सिंह ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण के उपरांत क्षेत्र के संभ्रांत लोगों एवं पुलिस स्टाफ द्वारा उनका माला पहनाकर स्वागत किया गया। अपने संबोधन में नवागत चौकी प्रभारी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता कानून का सख्ती से पालन कराना एवं क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की खुराफात करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा पुलिस की जिम्मेदारी है और इस दिशा में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी।
उल्लेखनीय है कि रिपोर्टिंग पुलिस चौकी क्षेत्र में 18 गांव आते हैं, जिनमें दो प्रमुख स्थान रेलवे स्टेशन क्षेत्र तथा पेपल गांव से बरेली सीमा लगती है। कस्बा बगरैन क्षेत्र का मुख्य बाजार है, जिसकी सुरक्षा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बगरैन पुलिस के कंधों पर है। पुलिस प्रशासन ने जनता के सहयोग से कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने का भरोसा दिलाया।
Budaun Amarprabhat