संवाददाता : | बरेली
थाना भमोरा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 91 किलो डोडा छिल्का व डोडा चूर्ण बरामद किया है। बरामद मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी जा रही है। पुलिस ने मौके से एक आटो, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार 9 जनवरी 2026 को गश्त के दौरान उ0नि0 मनोज कुमार अपनी टीम के साथ थाना क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने अजब्दीन (27 वर्ष) निवासी ग्राम देवचरा, नईम (24 वर्ष) निवासी ग्राम बल्लिया और सलमान (25 वर्ष) निवासी ग्राम बल्लिया को पकड़ लिया। तलाशी में आरोपियों के पास से 61.500 किलो डोडा छिल्का तथा 29.500 किलो डोडा चूर्ण बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बदायूँ क्षेत्र से अज्ञात स्रोतों से डोडा खरीदकर राहगीरों, ट्रक चालकों और ढाबों पर बेचते थे। नईम और सलमान ने आर्थिक तंगी और लोन की किस्तें चुकाने के लिए इस धंधे में शामिल होने की बात स्वीकार की, जबकि अजब्दीन ने अपने मामा के कहने पर इस अवैध कारोबार में उतरने की बात कही।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, क्षेत्राधिकारी आँवला के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष सनी चौधरी के नेतृत्व में की गई। आरोपियों के खिलाफ थाना भमोरा में मुकदमा संख्या 11/2026 धारा 8/15/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बरामदगी का विवरण :
डोडा छिल्का – 61.500 किलो
डोडा चूर्ण – 29.500 किलो
आटो – 1 (UP25GT2501)
इलेक्ट्रॉनिक कांटा – 1
मोबाइल फोन – 2
पुलिस टीम :
थानाध्यक्ष सनी चौधरी, उ0नि0 मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल मोबीन, हेड कांस्टेबल अजयपाल एवं कांस्टेबल उन्नत
Budaun Amarprabhat