संवाददाता | बदायूं
नगर में चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान को लेकर व्यापारियों में रोष बढ़ता जा रहा है। उ.प्र. उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष के. बी. गुप्ता ने नगर पालिका परिषद बदायूं के अधिशासी अधिकारी को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोप लगाया है कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर नगर पालिका के कुछ कर्मचारी पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर व्यापारियों का अनावश्यक उत्पीड़न कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाया जाना आवश्यक है और व्यापारी इसका विरोध नहीं कर रहे हैं, लेकिन अभियान की आड़ में किसी भी व्यापारी के साथ दुर्व्यवहार या मनमानी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जबकि अभियान का नेतृत्व करने वाले सक्षम अधिकारी मौके पर मौजूद रहते हैं, इसके बावजूद कुछ कर्मचारियों द्वारा अनुचित रवैया अपनाया जा रहा है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष ने नगर की बदहाल स्वच्छता व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर अतिक्रमण अभियान के नाम पर सख्ती की जा रही है, वहीं दूसरी ओर पूरा शहर गंदगी से पटा पड़ा है। विशेष रूप से रेलवे स्टेशन के पास स्थित नाला गंदगी से भरा हुआ है। इसके अलावा कचहरी, रोडवेज, रेलवे स्टेशन और नगर के प्रमुख चौराहों पर भी गंदगी की गंभीर समस्या बनी हुई है।
के. बी. गुप्ता ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के नाम पर व्यापारियों को परेशान किया जा रहा है, जबकि नगर की मूल समस्या गंदगी पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि स्वच्छता व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए और अतिक्रमण अभियान के दौरान व्यापारियों के साथ न्यायसंगत व सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए।
इस संबंध में उन्होंने सदर विधायक, जिलाधिकारी, नगर पालिका परिषद अध्यक्षको पत्र लिखा है
Budaun Amarprabhat