संवाददाता गोविन्द देवल 

बदायूँ। नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती (पराक्रम दिवस) के अवसर पर जनपद बदायूँ में कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा प्रतिक्रिया प्रणाली को परखने और नागरिकों को भयमुक्त वातावरण देने के उद्देश्य से बदायूँ सिटी मॉल में ब्लैक आउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। जैसे ही सायरन बजा, मॉल की रोशनी बुझ गई और पूरा इलाका कुछ पलों के लिए आपातकालीन हालात जैसा नजर आने लगा।
भारत सरकार एवं शासन के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार शाम 6 बजे आयोजित इस मॉक ड्रिल में जिलाधिकारी बदायूँ अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह स्वयं मौजूद रहे। उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया, क्षेत्राधिकारी नगर, अग्निशमन विभाग के अधिकारी एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।
मॉक ड्रिल के दौरान आग लगने की काल्पनिक स्थिति उत्पन्न की गई। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए अग्निशमन उपकरणों से आग पर काबू पाया। घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया और एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेजने का अभ्यास किया गया। इस दौरान पुलिस, फायर सर्विस, डायल 112 एवं चिकित्सा विभाग के बीच आपसी समन्वय, संचार व्यवस्था और त्वरित निर्णय क्षमता का भी परीक्षण किया गया।
एयर रेड जैसी आपात स्थिति का संकेत देने के लिए सायरन बजाया गया। इसके बाद ब्लैक आउट कर नागरिकों को यह बताया गया कि ऐसी स्थिति में किस प्रकार सतर्क रहना चाहिए। टीमों द्वारा बचाव के उपायों, सावधानियों, आग से सुरक्षा तथा सिलेंडर जैसी घटनाओं से बचाव की जानकारी भी दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि मॉक ड्रिल का मुख्य उद्देश्य आतंकी हमला, बम धमाका, आग, भगदड़ या किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना है। साथ ही आम नागरिकों को जागरूक कर उन्हें आपात परिस्थितियों में सही कदम उठाने के लिए तैयार करना है। मॉक ड्रिल के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि सामान्य जनजीवन प्रभावित न हो।
प्रशासन की ओर से आम जनता से अपील की गई कि ब्लैक आउट या किसी भी आपात अभ्यास के दौरान घबराएं नहीं, यह केवल अभ्यास होता है। अफवाहों से दूर रहें, सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं न फैलाएं और पुलिस व प्रशासन का पूरा सहयोग करें। अधिकारियों ने कहा कि आपकी सतर्कता ही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है।
Budaun Amarprabhat