Breaking News

रेलवे फाटक 58/बी पर ROB निर्माण की मांग, सांसद ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

Spread the love

— संवाददाता: गोविंद देवल, बदायूं/गुन्नौर
बदायूं/गुन्नौर। लोकसभा क्षेत्र बदायूं के सांसद आदित्य यादव ने बबराला–अनूपशहर मुख्य मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक संख्या 58/बी पर प्रतिदिन लगने वाले भीषण जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को विस्तृत पत्र भेजकर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) निर्माण की मांग की है।
सांसद ने पत्र में बताया कि विधानसभा क्षेत्र गुन्नौर के अंतर्गत आने वाला बबराला–अनूपशहर मार्ग क्षेत्र का प्रमुख और अत्यधिक व्यस्त संपर्क मार्ग है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिक, विद्यार्थी, किसान, व्यापारी और मरीज आवागमन करते हैं। आसपास के अनेक गांवों की शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार संबंधी गतिविधियां इसी मार्ग पर निर्भर हैं।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि रेलवे फाटक संख्या 58/बी से प्रतिदिन लगभग 25 से 30 सवारी और मालगाड़ियां गुजरती हैं। ट्रेनों के आवागमन के दौरान फाटक लंबे समय तक बंद रहने से दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इससे यात्रियों को समय की हानि, ईंधन की बर्बादी और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार एंबुलेंस और अग्निशमन वाहन भी जाम में फंस जाते हैं, जिससे आपात सेवाएं प्रभावित होती हैं।
सांसद ने यह भी रेखांकित किया कि अलीगढ़–बरेली के मध्य डबल लाइन रेलवे परियोजना का कार्य प्रगति पर है। परियोजना पूर्ण होने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों की संख्या बढ़ने की संभावना है, जिससे जाम की स्थिति और गंभीर हो सकती है। ऐसे में भविष्य की आवश्यकता को देखते हुए रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण अत्यंत जरूरी है।
सांसद आदित्य यादव ने रेल मंत्री से जनहित को प्राथमिकता देते हुए रेलवे फाटक संख्या 58/बी पर ROB निर्माण की प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज बनने से क्षेत्र में सुरक्षित, सुगम और निर्बाध यातायात सुनिश्चित होगा तथा गुन्नौर विधानसभा सहित आसपास के गांवों को सीधा लाभ मिलेगा।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

लखनऊ में ‘उद्यमी महिला सम्मान समारोह’ आज महिला दिवस की पूर्व संध्या पर लगन उद्यमी महिला फाउंडेशन का आयोजन, मुख्य अतिथि होंगी सांसद डिंपल यादव

Spread the love संवाददाता : गोविंद देवल लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर …

error: Content is protected !!