बरेली जोन के नौ जिलों के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, कई वर्गों में बदायूं के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन
बदायूं। रिजर्व पुलिस लाइन बदायूं के परेड ग्राउंड में मंगलवार को तृतीय अंतरजनपदीय कुश्ती क्लस्टर (महिला/पुरुष) कुश्ती, बॉक्सिंग, बॉडी बिल्डिंग व आर्म रेसलिंग पुलिस प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने किया।
इस प्रतियोगिता में बरेली जोन के सभी नौ जनपदों के पुलिस खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उद्घाटन समारोह के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. ह्रदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर विजयेन्द्र द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी उझानी/लाइन डॉ. देवेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी दातागंज कृष्ण कुमार तिवारी, प्रतिसार निरीक्षक इन्द्रजीत सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल में शैवर अली खान (एनआईएस), दिलीप जोशी (आर्म रेसलिंग कोच), जितेन्द्र राणा (उप्र पुलिस कुश्ती कोच) तथा राजीव कुमार (एनआईएस) ने भूमिका निभाई।
फ्री स्टाइल कुश्ती (पुरुष वर्ग) के परिणाम:
61 किग्रा भार वर्ग में बदायूं के जितेश ने पहला और रामपुर के बलविंद्र ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 70 किग्रा में बरेली के भोलाराम प्रथम और बदायूं के विशाल द्वितीय रहे। 74 किग्रा वर्ग में बदायूं के अजय कश्यप प्रथम तथा बरेली के संदीप कुमार द्वितीय स्थान पर रहे। 86 किग्रा वर्ग में बरेली के हरेन्द्र प्रथम और बदायूं के अनुज द्वितीय रहे।
फ्री स्टाइल कुश्ती (महिला वर्ग) के परिणाम:
53 किग्रा भार वर्ग में बदायूं की सपना प्रथम और बरेली की अनुराधा द्वितीय रहीं। 55 किग्रा वर्ग में मुरादाबाद की निशब प्रथम तथा शाहजहांपुर की आरती द्वितीय रहीं। 62 किग्रा में बदायूं की भूरी ने पहला और शाहजहांपुर की श्रुति खेवाल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 65 किग्रा वर्ग में बदायूं की अनामिका प्रथम और बरेली की सुमन धीमान द्वितीय स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह और जोश देखने को मिला।
Budaun Amarprabhat